CG Online Gaming Fraud: बच्चों के मोबाइल गेम से बैंक खाता खाली ! Next स्टेप में जाते ही कट जाता है पैसा, ऐसे बचें

Gaming Fraud

CG Online Gaming Fraud: बच्चों के हाथ में मोबाइल और ऑनलाइन गेम अब कई बार परेशानी का कारण बन रहे हैं। गेम खेलते समय बच्चे अनजाने में ऐसी परमिशन दे देते हैं, जिससे माता-पिता के बैंक खाते से पैसे कट सकते हैं। रायपुर में कई लोगों ने साइबर सेल में ऐसी शिकायतें दर्ज कराई हैं।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, अलग-अलग किस्तों में उनके बैंक खातों से यूपीआई के जरिए रकम कट गई। मोबाइल जांच करने पर उसमें ऑनलाइन गेम सक्रिय मिला। पुलिस ने ऐसे गेम को निष्क्रिय कराया, ताकि आगे किसी तरह की रकम न कटे।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ऑनलाइन गेम में फ्री कॉइन, रिवॉर्ड, अपडेट या सस्ते ऑफर के नाम पर कई बार संदिग्ध लिंक भेजे जाते हैं। बच्चे बिना समझे लिंक खोल देते हैं और मांगी गई परमिशन भी दे देते हैं। हालांकि, सामान्य यूपीआई भुगतान के लिए पिन जरूरी होता है। सिर्फ गेम खेलने से यूपीआई पिन के बिना पैसे नहीं कटते, लेकिन सेव पेमेंट, पहले से मंजूर ऑटो भुगतान, संदिग्ध लिंक या फर्जी एप के जरिए खतरा बढ़ सकता है।

कैसे कट सकते हैं पैसे

  • गेम में कॉइन, डायमंड या दूसरी सुविधाएं खरीदने के दौरान भुगतान विकल्प सक्रिय हो सकता है।
  • मोबाइल में सेव भुगतान माध्यम होने पर बिना जानकारी के इन-ऐप खरीदारी हो सकती है।
  • पहले से मंजूर यूपीआई ऑटो भुगतान या ई-मैन्डेट के जरिए तय शर्तों के अनुसार रकम कट सकती है।
  • फ्री कॉइन और रिवॉर्ड के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक से भुगतान की अनुमति ली जा सकती है।
  • अनजान एप या फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि शुरू हो सकती है।
  • स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस एप के जरिए ठग मोबाइल तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

बच्चों को ऑनलाइन गेम से ऐसे रखें सुरक्षित

  • किसी भी एप को जरूरत से ज्यादा परमिशन न दें।
  • फर्जी लिंक पर यूपीआई पिन या ओटीपी दर्ज न करें।
  • गेम में खरीदारी के लिए माता-पिता की अनुमति अनिवार्य रखें।
  • यूपीआई एप में ऑटो भुगतान और मैनडेट की समय-समय पर जांच करते रहें।
  • गेमिंग अकाउंट में भुगतान की जानकारी सेव न रखें।
  • हर खरीदारी पर पासवर्ड, पिन या बायोमेट्रिक सुरक्षा जरूर रखें।
  • फ्री कॉइन और रिवॉर्ड के नाम पर आने वाले अनजान लिंक या फाइल को न खोलें।
  • किसी भी संदिग्ध एप को स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस की अनुमति न दें।

एप हटाने के बाद भी जांचें भुगतान व्यवस्था

अगर खाते से अनजान रकम कटती है तो सिर्फ गेमिंग एप हटाना काफी नहीं है। बैंक खाते की जानकारी और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री जरूर जांचें। यूपीआई एप और गेमिंग अकाउंट में सक्रिय भुगतान व्यवस्था को बंद करें। अगर किसी संदिग्ध फाइल या एप के जरिए समस्या हुई है तो साइबर विशेषज्ञों की मदद लें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *