CG Teacher Suspend: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में शराब परिवहन के मामले में गिरफ्तार सहायक शिक्षक और संकुल समन्वयक तीरित राम बांधे पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
विभाग के अनुसार, आपराधिक प्रकरण में 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के कारण सेवा नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, शिक्षक पर लगे आरोपों का अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।
जानकारी के मुताबिक, आरंग थाना पुलिस को रविवार रात सूचना मिली थी कि ग्राम गुल्लू स्थित शासकीय शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब अर्टिगा कार के जरिए ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर एक अर्टिगा कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से देशी मसाला शराब बरामद होने का दावा पुलिस ने किया।
कार से मिली 160 पाव शराब
पुलिस के अनुसार, वाहन से 160 पाव देशी मसाला शराब मिली, जिसकी मात्रा करीब 28.800 बल्क लीटर बताई गई है। बरामद शराब की कीमत करीब 16 हजार रुपए और वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल करीब 8.16 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
शिक्षक समेत 7 लोग गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने शराब दुकान से जुड़े कर्मचारियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें शराब दुकान सुपरवाइजर, सेल्समैन, मल्टी वर्कर, वाहन चालक और सहायक शिक्षक तीरित राम बांधे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
48 घंटे से ज्यादा हिरासत में रहने पर निलंबन
शिक्षक तीरित राम बांधे अमोदी प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और संकुल समन्वयक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उनके 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने की जानकारी शिक्षा विभाग को मिली। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी जी. सतीश कुमार ने निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान तीरित राम बांधे का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी तिल्दा कार्यालय निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार उन्हें नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
शराब मामले की जांच जारी
गुल्लू शासकीय शराब दुकान से कथित अवैध शराब निकासी और परिवहन के मामले में पुलिस जांच जारी है। शिक्षा विभाग ने फिलहाल गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के आधार पर विभागीय कार्रवाई की है। आगे की स्थिति पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर स्पष्ट होगी।



