CG Murder: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में एक राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके ही घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर के आंगन में मिली लाश
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रजपुरी कला गांव के टिकरापारा निवासी अंगत चौधरी (40) के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और घर में अकेला रहता था।
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अंगत का शव उसके घर के आंगन में मिला। शव के आसपास खून फैला हुआ था। वहीं, घर के कमरे में भी खून के छींटे और सामान बिखरा हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


