Amit Shah Raipur Visit: राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे अमित शाह, विकसित भारत संकल्प पार्क का करेंगे लोकार्पण

Amit Shah

Amit Shah Raipur Visit: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन आज 3 नवंबर को होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। इस दौरान विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया जाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

शाह करीब 5 घंटे रायपुर में रहेंगे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रायपुर दौरा करीब पांच घंटे का रहेगा। वे दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां से नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचकर विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। शाम 5:55 बजे राज्योत्सव स्थल पहुंचने के बाद वे रात 8 बजे तक समापन समारोह में शामिल रहेंगे।

राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं

समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपरा की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी।

amit shah

सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र

समापन समारोह में दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले पंडवानी का मंचन करेंगी। वहीं रात में पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी संगीतमय प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बीच अहम दौरा

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान तेज है। केंद्र सरकार द्वारा तय समयसीमा के बीच उनके दौरे को सुरक्षा और विकास के नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्योत्सव में प्रदेश की संस्कृति, विकास और नई उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

आवागमन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने छह प्रवेश मार्ग निर्धारित किए हैं। करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर 300 शौचालय, अस्थायी अस्पताल और 25 एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *