Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने मदिरा प्रेमियों को हैरान कर दिया है। छुरिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत गैदाटोला में एक शख्स ने शासकीय शराब दुकान से ‘शोले’ ब्रांड की 180 एमएल प्लेन देशी मदिरा की सील पैक शीशी खरीदी। लेकिन जब उसने शराब पीने की तैयारी की, तो बोतल में कुछ अजीब तैरता हुआ नजर आया।
बता दें, बारीकी से देखने पर पता चला कि शराब की बोतल के भीतर एक मरी हुई मकड़ी का हिस्सा मौजूद है। यह देखकर वह शख्स हैरान रह गया और तत्काल शराब दुकान पहुंचकर इसकी जानकारी कर्मचारियों को दी। जवाब में कर्मचारियों ने लापरवाही भरा रवैया अपनाते हुए कहा, “गलती से यह शीशी दे दी गई है, वापस लाओ तो दूसरी दे देंगे।”
आबकारी विभाग की लापरवाही पर उठे कई सवाल
इस घटना ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सील पैक बोतल में मरी हुई मकड़ी कैसे पहुंची? क्या बॉटलिंग के दौरान साफ-सफाई और निरीक्षण के मानकों की अनदेखी की गई? क्या यह एक isolated घटना है या अन्य बोतलें भी इसी तरह दूषित हैं?
शराब प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यह उपभोक्ताओं की सेहत से सीधा खिलवाड़ है और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें स्पष्ट रूप से सील पैक बोतल में मकड़ी के टुकड़े को शराब में तैरते हुए देखा जा सकता है।
