CG Hockey League 2026: मैनपाट टाइटंस बनी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहली चैंपियन, फाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराया

CG Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले संस्करण का खिताब मैनपाट टाइटंस ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर लीग की पहली चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में खेला गया। अतिथियों ने विजेता टीम और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस लीग में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया था।

मैनपाट ने शानदार खेल से जीता खिताब

फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने शुरुआती मिनटों में कई अच्छे मूव बनाए और विपक्षी टीम के सर्कल में लगातार दबाव बनाया।

मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। तीसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए गोल कर बढ़त बनाई। हालांकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी जवाबी हमला करते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

इसके बाद अंतिम समय में मैनपाट टाइटंस ने बेहतर तालमेल और शानदार रणनीति के साथ दो और गोल दागे। इस तरह टीम ने मुकाबला 4-2 से जीतकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहली ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

अभिषेक बने स्ट्राइकर ऑफ द मैच

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में कुल 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की गई। विजेता मैनपाट टाइटंस को 11 लाख रुपए और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई।

लीग में शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। आशीष तानी पूर्ति ने 13 गोल कर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का सम्मान मिला।

वहीं, स्थानीय खिलाड़ी मोहित नायक को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। संदीप कुमार को लीग का इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-21) चुना गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *