IND vs NZ T20 Raipur: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के लिए टीम इंडिया और टीम न्यूजीलैंड रायपुर पहुंच चुकी हैं। टीम इंडिया होटल मैरियट में और टीम न्यूजीलैंड होटल हयात में ठहरी है।

मैच को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने इस बार कुछ अहम बदलाव किए हैं। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि दर्शकों की एंट्री दोपहर 4 बजे से दी जाएगी। फर्स्ट इनिंग के बाद स्टेडियम में किसी भी प्रकार की एंट्री नहीं दी जाएगी।
स्टेट क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि सीट व्यवस्था पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगी। फिजिकल टिकट के बिना स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। आज टिकट रिडीम कराने का अंतिम दिन है। जो दर्शक आज शाम तक अपने ई-टिकट को फिजिकल फॉर्मेट में रिडीम नहीं कर पाएंगे, उन्हें मैच देखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

स्टेडियम के भीतर खाने-पीने के रेट तय
स्टेडियम के अंदर दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों के रेट भी तय किए गए हैं। 100 ग्राम समोसा 50 रुपए, सिंगल पीस सैंडविच 60, बर्गर 80 में मिलेगा। पॉपकॉर्न कोन 60 रुपए, पॉपकॉर्न टब 100 और पिज्जा 250 में मिलेगा, जबकि आइसक्रीम और वेफर्स MRP पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

मैदान के अंदर फूड बेचने वाले लोगों को अपने कर्मचारियों की टी-शर्ट पर खाने की कीमत लिखना अनिवार्य होगा। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में भी फूड मेन्यू और उनके दाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे।
