CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के राहौद क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय नवविवाहिता अंजलि निर्मलकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 11 तारीख को अंजलि ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की मां का कहना है कि घटना वाली रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अंजलि उनसे मोबाइल पर रोते हुए बात कर रही थी और बता रही थी कि उसका पति उसके बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट कर रहा है।

परिजनों के अनुसार अंजलि उस समय बेहद डरी हुई थी और बार-बार मायके वालों से उसे तुरंत लेने आने की गुहार लगा रही थी। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि उनके पास उस बातचीत की वॉइस रिकॉर्डिंग मौजूद है।
परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले जब वे शिवरीनारायण थाना पहुंचे और मारपीट की शिकायत की, तब भी पुलिस ने कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की। समय रहते कार्रवाई होती तो शायद अंजलि की जान बचाई जा सकती थी।
परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
