CG News: सक्ती जिले में इलाज के बहाने महिला से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर ने जांच के दौरान महिला के साथ गलत व्यवहार किया। महिला अपने पति के साथ सिरदर्द और पेट दर्द का इलाज कराने क्लीनिक पहुंची थी। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पति को पर्दे के बाहर बैठाया
पुलिस के मुताबिक, रायपुरा गांव निवासी डॉक्टर प्रदीप देवांगन (45) अपने घर में ही क्लीनिक चलाता था। 27 अक्टूबर की शाम महिला अपने पति के साथ इलाज कराने उसके क्लीनिक पहुंची थी।
महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने उसके पति को पर्दे के बाहर बैठने के लिए कहा। इसके बाद उसने सिरदर्द को गैस की समस्या बताकर पेट की जांच करने के लिए महिला को टेबल पर लेटने को कहा।
जांच के बहाने अश्लील हरकत
महिला ने पुलिस को बताया कि पेट की जांच के दौरान डॉक्टर ने गलत नीयत से उसके साथ अश्लील हरकत की। घटना से परेशान महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद दोनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के करीब 8 घंटे के भीतर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

