CG Rape: बिलासपुर में बीमा कंपनी की एक महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो चालक युवक ने बीमा पॉलिसी समझने के बहाने युवती को लॉज ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर धमकी देकर फरार हो गया।
युवती की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी से पहचान पत्र नहीं लेने पर पुलिस लॉज संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
बीमा पॉलिसी समझने के बहाने लॉज ले गया
पुलिस के मुताबिक, कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती व्यापार विहार स्थित एक निजी जीवन बीमा कंपनी में काम करती है। वह लोगों को बीमा योजनाओं की जानकारी देकर ग्राहकों को जोड़ने का काम करती है।
27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक किया था। इसके बाद दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा बाइक लेकर पहुंचा और युवती को रेलवे स्टेशन छोड़ा। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ।
युवती ने युवक को बताया था कि वह बीमा कंपनी में काम करती है और पॉलिसी प्लान की जानकारी देती है।
लॉज में ले जाकर दुष्कर्म
युवती ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को आरोपी युवक ने उसे फोन कर बुलाया। युवती ने उसे बीमा प्लान के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद युवक ने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही।
आरोप है कि युवक ने शोरगुल होने का बहाना बनाकर किसी शांत जगह पर बैठकर बात करने की बात कही। इसके बाद वह युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया।
युवती का आरोप है कि लॉज के कमरे में जाने के बाद युवक ने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। अब पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
लॉज संचालक पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया कि लॉज में युवती का पहचान पत्र जमा कराया गया था, लेकिन आरोपी युवक से पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस का कहना है कि लोकल होने की वजह से युवक से पहचान पत्र नहीं लिया गया था। मामले में पुलिस लॉज संचालक को नोटिस जारी कर नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई करेगी।


