Raipur Air Show: रायपुर के आसमान में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर एरोबेटिक टीम ‘सारंग’ ने शानदार उड़ान का प्रदर्शन किया। पांच हेलीकॉप्टर शहर के अलग-अलग इलाकों के ऊपर से गुजरे। हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनकर बड़ी संख्या में लोग घरों की छतों और ऊंची इमारतों से यह नजारा देखते रहे। (रायपुर एयर शो)
कलेक्ट्रेट की मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर कलेक्टर, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा भी मौजूद रहे। लोगों ने सारंग टीम की उड़ान का उत्साह के साथ स्वागत किया।
2 नवंबर को होगा एयर शो (Raipur Sarang Helicopter Air Show)
राज्योत्सव (Chhattisgarh Rajyotsav 2026) के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार का प्रदर्शन इसी एयर शो की तैयारी का हिस्सा था।
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टरों की उड़ान का रूट और ऊंचाई पहले से निर्धारित थी। इसी वजह से टीम ने शहर के ऊपर सीमित क्षेत्र में उड़ान भरी। कुछ लोगों का कहना था कि यदि हेलीकॉप्टर शहर के और करीब से गुजरते, तो प्रदर्शन का रोमांच और बढ़ जाता।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से करती है प्रदर्शन
सारंग टीम भारतीय वायुसेना की हेलीकॉप्टर एरोबेटिक टीम है, जिसका गठन वर्ष 2003 में किया गया था। टीम ने फरवरी 2004 में सिंगापुर के एशियन एयरोस्पेस एयर शो में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद से टीम देश और विदेश के कई एयर शो में अपने हवाई करतब दिखा चुकी है।
सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव का उपयोग करती है। ये हेलीकॉप्टर समूह में उड़ान, तेज मोड़ और सटीक तालमेल के साथ आकर्षक हवाई प्रदर्शन करते हैं।
सारंग टीम के प्रदर्शन का सबसे बड़ा आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग है। इसमें कई हेलीकॉप्टर एक साथ निश्चित दूरी बनाए रखते हुए उड़ान भरते हैं। इसके अलावा एक साथ दिशा बदलना, तेज ऊंचाई हासिल करना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना भी प्रदर्शन का हिस्सा होता है।




