CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई, ठंड ने दी दस्तक; जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब मानसून विदा लेने की तैयारी में है। इस बार मानसून ने दस साल का रिकार्ड तोड़ते हुए 28 मई को सुकमा से प्रदेश में प्रवेश किया था और पूरे 139 दिन सक्रिय रहने के बाद अब इसकी विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कांकेर से मानसून की रवानगी शुरू हो गई है और अगले दो दिनों में यह रायपुर से भी विदा ले लेगा। वहीं, सप्ताहभर के भीतर पूरे प्रदेश से मानसून के निकलने की संभावना जताई गई है।

इस बार मानसून के दौरान छत्तीसगढ़ में औसतन 1242 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा बलरामपुर जिले में 1579 मिमी रिकॉर्ड की गई। आमतौर पर मानसून की विदाई 5 अक्टूबर तक हो जाती है, लेकिन इस बार यह 6 दिन देरी से 13 अक्टूबर से शुरू हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि परिस्थितियां अनुकूल हैं, इसलिए अगले सप्ताह के भीतर पूरा प्रदेश मानसून मुक्त हो जाएगा।

CG Rain Alert

कहां हुई कितनी बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 4 सेमी बारिश भैरमगढ़ में हुई है। वहीं, बीजापुर में 3 सेमी, गंगालूर में 2 सेमी, और सुकमा व छिंदगढ़ में 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो दुर्ग में सर्वाधिक तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई कांकेर तक हो चुकी है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है, लेकिन मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है और आने वाले दिनों में गुलाबी ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *