Raipur Adi Bazaar: रायपुर के टाउन हॉल में शनिवार 24 अक्टूबर से राष्ट्रीय जनजातीय प्रदर्शनी और बिक्री मेला ‘आदि बाजार 2026’ शुरू होगा। इस मेले में 12 राज्यों के जनजातीय कारीगर अपनी पारंपरिक कला, शिल्प, कपड़े, आभूषण और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। मेले में करीब 80 कारीगरों के 40 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग सीधे कारीगरों से उत्पाद खरीद सकेंगे।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास परिसंघ की ओर से आयोजित यह मेला 2 नवंबर तक चलेगा। मेले का उद्घाटन शाम 5 बजे जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम करेंगे। इस अवसर पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे और छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
इन राज्यों के उत्पाद रहेंगे आकर्षण का केंद्र
मेले में छत्तीसगढ़ के कोसा सिल्क और ढोकरा शिल्प के साथ ओडिशा की संबलपुरी साड़ी और सौरा पेंटिंग प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा मध्यप्रदेश की बाघ प्रिंट, माहेश्वरी साड़ी और गोंड पेंटिंग भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पश्चिम बंगाल की कांथा कढ़ाई, राजस्थान के पारंपरिक वस्त्र और झारखंड के जूट उत्पाद भी मेले में उपलब्ध होंगे। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों के बांस और बेंत से बने सामान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बांस उत्पाद के साथ अराकु कॉफी भी लोगों को पसंद आ सकती है।
