CG School Hair Cutting: छत्तीसगढ़ के पटेवा स्थित एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में अनुशासन के नाम पर चौथी कक्षा के छात्र के बाल काटने के मामले में स्कूल की प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि 15 अक्टूबर 2025 को स्कूल में छात्र के लंबे बालों की चोटी बनाकर कैंची से काट दी गई थी।
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने शिकायत की थी, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में बच्चे को मानसिक परेशानी और शारीरिक असुविधा होने की बात सामने आई। इसके आधार पर गोबरा नवापारा पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद स्कूल जाने से डरने लगा बच्चा
परिजनों के अनुसार, बाल काटने की घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से परेशान हो गया था और स्कूल जाने से कतराने लगा था। इसके बाद परिवार को उसका स्कूल बदलना पड़ा।
जांच के दौरान प्राचार्य पल्लवी मरार ने बच्चों के बाल व्यवस्थित कराने की बात स्वीकार की। जांच दल ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होने देने की चेतावनी देने की अनुशंसा की थी।
शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। FIR दर्ज होने के बाद भी आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

