Raipur Murder: रायपुर में बेटे ने किया पिता का मर्डर, गले में चाकू से किया कई वार

Raipur Murder: रायपुर में बेटे ने किया पिता का मर्डर, गले में चाकू से किया कई वार

Raipur Murder: राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के बेटे को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम केंद्री निवासी डोमार साहू (48) का 9 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू के साथ शराब के नशे में विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनका बेटा डोमेश साहू (22) घर पहुंचा।

विवाद के दौरान पिता द्वारा पत्नी और बेटे को लेकर आपत्तिजनक बातें कहे जाने से डोमेश नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर हमला कर दिया।

बचाव के दौरान हाथ पर भी किया वार

पुलिस के अनुसार, मृतक ने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी ने उसके दाहिने हाथ की कलाई के पास भी चाकू से वार किया। इसके बाद आरोपी ने गले पर दोबारा कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी भी मौजूद थी।

हत्या के बाद आत्महत्या दिखाने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने घटना के समय पहने हुए कपड़े मोटरसाइकिल से जाकर पीछे स्थित बड़े नहर-नाले में फेंक दिए। इसके बाद घर लौटकर उसने घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की और काफी देर बाद परिजनों व आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना ग्राम केंद्री के सरपंच ने रात करीब 11:30 बजे अभनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूली वारदात

पुलिस ने संदेह के आधार पर डोमेश साहू से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *