CG Farmer Protest: कवर्धा जिले में अपनी मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ कबीरधाम पहुंचे और रायपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। किसानों के प्रदर्शन के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो गया है। हालांकि आपात स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।
24 घंटे से सड़क पर डटे किसान
किसान गुरुवार को भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए हैं। आंदोलन के कारण आम लोगों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
अधिकारियों से बातचीत रही बेनतीजा
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। हालांकि बातचीत का कोई समाधान नहीं निकल सका। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
किसानों की ये हैं प्रमुख मांगें
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। उनकी प्रमुख मांगों में जिले के दोनों शक्कर कारखानों में गन्ना उत्पादन बढ़ाना, गन्ने के बोनस में 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी, सुतियापाट जलाशय का विस्तार, बिजली बिल में कमी और पूर्व सरकार के धान बोनस की राशि जारी करना शामिल है।
इसके अलावा किसानों ने कुल 23 मांगें रखी हैं। किसानों का कहना है कि जब तक सरकार और प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से निर्णय नहीं लेते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पांचों मार्गों पर यातायात प्रभावित
किसानों के चक्काजाम के कारण कवर्धा के कई प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात प्रभावित है। रायपुर-जबलपुर मार्ग, कवर्धा-राजनांदगांव मार्ग और कवर्धा-बिलासपुर मार्ग समेत अन्य रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है।
प्रदर्शन में राशन लेकर पहुंचे किसान
किसान लंबे आंदोलन की तैयारी के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे हैं। कई किसान अपने साथ करीब एक सप्ताह का राशन लेकर आए हैं। कुछ किसान सड़क किनारे भोजन बनाते हुए भी नजर आए। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक वे आंदोलन स्थल पर डटे रहेंगे।



