Raipur News: बस्तर दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, बोधघाट परियोजना प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात

Raipur News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आ सकते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

परियोजना प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे चर्चा

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ग्रामीणों के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने हाल ही में बस्तर दौरे के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली थी। अब राहुल गांधी भी जल्द बस्तर पहुंचकर बोधघाट परियोजना से प्रभावित लोगों से चर्चा करेंगे।

बिजली खरीदी को लेकर सरकार पर निशाना

छत्तीसगढ़ में बिजली खरीदी के फैसले को लेकर दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद दूसरे राज्यों से बिजली खरीदने की तैयारी की जा रही है। इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से ही बिजली की दरों में बढ़ोतरी हो चुकी है और सरकार की नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने निजी कंपनियों को बिजली विभाग सौंपने के फैसले पर भी सवाल उठाए।

रेल मंत्री के दौरे को लेकर साधा निशाना

दीपक बैज ने रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले से ही ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह दौरा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नहीं बल्कि उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों के हितों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *