CG Voter List: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में मतदाता सूची से हटाए गए नामों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
24.99 लाख मतदाताओं के नाम हटे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान राज्य में 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इनमें करीब 6 लाख 42 हजार मृत मतदाता और 19 लाख 13 हजार 540 अनुपस्थित या दूसरे स्थान पर स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं इस प्रक्रिया में 2 लाख 35 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े गए हैं।
घर-घर पहुंचेंगे BLO
विशेष अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र होने के बावजूद जिन लोगों का नाम सूची से छूट गया है, उन्हें दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी फॉर्म-6 भरकर अग्रिम पंजीकरण करा सकेंगे।
मतदान केंद्र और स्कूल-कॉलेजों में लगेंगे शिविर
अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शुक्रवार और शनिवार को स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
ऐसे जुड़वा सकते हैं नाम
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के पास फॉर्म-6 जमा कर किया जा सकेगा। आवेदन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन 1950 की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।


