Constitution Day 2026: लोकभवन रायपुर में बुधवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लोकभवन सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में राज्यपाल की उप सचिव निधि साहू सहित सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी दिन की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान देश के शासन की व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है।
संविधान की प्रस्तावना में भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया है। इसमें सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
प्रस्तावना में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने वाली बंधुता को बढ़ावा देने का भी संकल्प लिया गया है। संविधान दिवस के अवसर पर लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के आदर्शों और मूल भावना को याद किया गया।

