सूरजपुर – सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, लेकिन इसके बावजूद स्कूली छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर नाले को पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं। यह दृश्य न केवल चिंता का विषय है, बल्कि शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाता है।
बता दें, ओड़गी नाला गांव और स्कूल के बीच मुख्य मार्ग पर स्थित है। हर दिन दर्जनों बच्चे अपने भविष्य को संवारने के लिए इस उफनते नाले को पार करते हैं। बारिश के दिनों में जब नाले में पानी का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ जाता है, तब भी ये बच्चे जोखिम उठाकर स्कूल जाते हैं। इस दौरान कई बार बच्चों की जान पर बन आती है।
इस खतरनाक स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आमजन के साथ-साथ अधिकारी भी चिंतित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी भारती वर्मा ने कलेक्टर से बात कर त्वरित समाधान की मांग की है। साथ ही संबंधित स्कूल के प्राचार्य को भी छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन को उठाने होंगे ठोस कदम
स्थानीय लोग भी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि नाले पर वैकल्पिक पुलिया या अस्थायी पुल की व्यवस्था की जाए, जिससे बच्चों की जान जोखिम में न पड़े। अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया, तो एक बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
