Bilaspur News: पत्नी को काटकर पति ने लगाई फांसी, दोनो बच्चों को कमरे में कर दिया था बंद

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान से पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपती के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।

 

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अशोक देवांगन (52) और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन (49) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह घर के अंदर कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और मकान मालिक मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

एक कमरे में अशोक देवांगन का शव फंदे से लटका मिला, जबकि दूसरे कमरे में धनेश्वरी देवांगन का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका पर जांच कर रही है।

 

दूसरे कमरे में बंद मिले दो मासूम बच्चे

 

घटना के दौरान दंपती के दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद से दोनों बच्चे सदमे में हैं। पुलिस उनकी काउंसिलिंग कराने की तैयारी कर रही है, ताकि संवेदनशील तरीके से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

 

सब्जी बेचने का काम करता था मृतक

 

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और अधिकांश समय घर पर ही रहता था। पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

रिपोर्ट का इंतजार

 

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तोरवा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों सहित आसपास के लोगों के बयान के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *