CG Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब पूरे छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। बस्तर संभाग से शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं का दौर अब उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। एहतियात के तौर पर रायपुर सहित कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह 7:44 बजे से अगले तीन घंटे के दौरान इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
बुधवार को रायपुर में मौसम ने अचानक करवट ली। शाम के समय करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और झमाझम बारिश हुई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बाधित रही। जगदलपुर में 15.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार कर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। अगले 48 घंटे में इसके और कमजोर होकर पहले चक्रवाती तूफान, फिर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। हालांकि इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है।
रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे तक शहर में 8.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। गुरुवार को भी राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने, बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



