Korba News: चरित्र-शंका में पति ने पत्नी को पेट्रोल से जलाया, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Korba News:

Korba News: कोरबा जिले में चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना शुक्रवार रात सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत झोपड़ीपारा पंप हाउस की है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रवि बरेठ की शादी 23 वर्षीय अंजलि बरेठ से पांच साल पहले हुई थी। दंपती का एक बच्चा भी है। रवि अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। इन विवादों से परेशान होकर अंजलि कुछ समय से पति से अलग रह रही थी।

ससुराल पहुंचकर पत्नी को जलाया

शुक्रवार रात करीब 9 बजे अंजलि अपने परिजनों के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान रवि वहां पहुंचा। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। इससे पहले कि अंजलि कुछ समझ पाती, रवि ने उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी।

चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने बुझाई आग

आग लगते ही अंजलि पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई, जबकि रवि मौके से फरार हो गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी अंजलि को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां बर्न यूनिट में उसका इलाज जारी है।

पीड़िता ने आरोपी पति के लिए फांसी की मांग की

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। बयान में अंजलि ने अपने पति के लिए फांसी की सजा की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने आरोपी रवि बरेठ को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *