Raipur Cricket Match: रायपुर में महिला टीमों के बीच T-20 सीरीज, 16-18-20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले

Raipur Cricket Match

Raipur Cricket Match: छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी।

सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। मैचों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मैचों के लिए टिकट बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होगी।

दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में ई-टिकट स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। स्कैनिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी समिति (Raipur Women Cricket Match)

मैचों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। बैठक के बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।

ई-टिकट से होगी प्रवेश व्यवस्था (Raipur Cricket Match)

दर्शकों के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे।

स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा दर्शकों के लिए पेयजल और खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था भी की जाएगी।

एम्बुलेंस और आपात व्यवस्था रहेगी तैयार

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आसपास के अस्पतालों की व्यवस्था की जानकारी जुटाई जाएगी। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और विशेष आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।

फायर ब्रिगेड, पानी की व्यवस्था और आपात मार्गों की तैयारी भी पूरी रखी जाएगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।

11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी भारतीय टीम

सीरीज से पहले भारतीय महिला टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। भारतीय टीम को मैच से पहले अभ्यास के लिए समय मिलेगा। वहीं टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होगी। (India Zimbabwe Women T20 Series Raipur)

स्मृति मंधाना संभालेंगी टीम की कमान

इस टी-20 सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में भारतीय महिला टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा होंगी।

भारतीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि को भी शामिल किया गया है।

रायपुर में तीनों मुकाबले होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों के अंदर तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *