CG News: अस्पताल के शौचालय में मिला नवजात का शव, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अस्पताल के महिला शौचालय में अज्ञात नवजात का शव मिलने के मामले में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। घटना के बाद से पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जरूरत पड़ने पर नवजात की पहचान के लिए डीएनए जांच भी कराई जा सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को महिला शौचालय तक कौन लेकर आया और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।

CCTV फुटेज से भी नहीं मिला सुराग

अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। पुलिस कैमरों की रिकॉर्डिंग, उनकी कार्यशीलता और अस्पताल के संवेदनशील स्थानों की निगरानी व्यवस्था की भी जांच कर रही है।

डीएनए जांच से मिल सकती है पहचान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नवजात की पहचान और मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, जिससे नवजात और मामले से जुड़े लोगों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *