CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद बुधवार को छत्तीसगढ़ लौट आए। मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर थे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए दौरे की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 कार्यक्रम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश में निवेश के लिए 43 हजार 600 करोड़ रुपए के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
ऊर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल कंपनी की ओर से 41 हजार 750 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह प्रस्ताव ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़ा है।
इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल कंपनी ने करीब 350 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी कृषि आधारित उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में काम करेगी।
वहीं सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर क्षेत्र में करीब 1,500 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मिला है। कंपनी बैटरी भंडारण और इससे जुड़े उपकरणों के क्षेत्र में काम करेगी।
तकनीकी शिक्षा के लिए हुआ समझौता
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि आईटी एजुकेशन सर्विसेस के साथ भी समझौता किया गया है। उन्होंने सिंगापुर स्थित आईटीई परिसर का दौरा कर वहां के कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली।
इस समझौते का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
सभी समझौते जमीन पर उतरेंगे- CM साय
निवेश प्रस्तावों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जो भी समझौते कर रही है, उन्हें पूरी जांच और प्रक्रिया के बाद आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि इन सभी समझौतों और निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ के युवाओं, किसानों और आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


