CG Job Fair 2026: प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित होगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस रोजगार मेले के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
रोजगार मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न कंपनियों और प्रतिष्ठानों द्वारा उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। यहां युवाओं को रोजगार से जुड़ी जानकारी, चयन प्रक्रिया और उपलब्ध पदों के बारे में जानकारी दी जाएगी। रोजगार विभाग ने प्रदेश के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
कार्यक्रम में कई मंत्री शामिल
रोजगार मेले के मुख्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल और गजेन्द्र यादव सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायकगण, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखकर अपनी योग्यता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल https://www.erojgar.cg.gov.in/ के माध्यम से नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर चयन प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे।


