Raipur Job Fair: थर्ड जेंडर समुदाय को रोजगार से जोड़ने के लिए समाज कल्याण विभाग 2 जुलाई को रायपुर में वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित करेगा। यह इंटरव्यू संबल केंद्र, आईडीएसएमटी बिल्डिंग, महंत कॉलेज के पास, गांधी चौक में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा।![]()
भर्ती प्रक्रिया के तहत अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 20 पदों पर चयन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पात्र तृतीय लिंग समुदाय के अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रदेश के विभिन्न जिलों में की जाएगी।
आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू स्थल पर उपस्थित होना होगा।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य तृतीय लिंग समुदाय को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। विभाग ने अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों से इंटरव्यू में शामिल होने की अपील की है।


