CG Bear Attack: सुकमा जिले के पालामडगू गांव में मवेशी चराने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। मामला पोलमपल्ली थाना क्षेत्र का है।
मवेशी चराने जंगल गए दो ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, पालामडगू गांव के पटेलपारा निवासी पोडियाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (50) गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान अचानक भालू ने दोनों ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए।
ग्रामीणों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया
भालू के हमले के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
सुकमा जिले में पिछले कुछ दिनों से बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही चिंता बनी हुई है। वन विभाग लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और जांच कर रहा है। इसी बीच भालू के हमले की घटना सामने आने से जंगल से लगे गांवों में वन्यजीवों को लेकर डर बढ़ गया है।


