CG News: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विपणन वर्ष 2027-28 के लिए रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी के केंद्रीय कैबिनेट के फैसले का स्वागत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने सभी प्रमुख रबी फसलों के एमएसपी बढ़ाने को मंजूरी दी है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एमएसपी बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि के प्रयासों को मजबूती मिलेगी और फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं और नीतिगत फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि रबी फसलों के एमएसपी में वृद्धि से किसानों को उत्पादन का बेहतर लाभ मिलेगा।
वित्त मंत्री ने इस किसान हितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह फैसला देश के किसानों के लिए लाभकारी साबित होगा।

