Mahasamund Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे युवक को एलपीजी गैस सिलेंडर से लदे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर चक्काजाम कर दिया।
मृतक की पहचान अशोक कुमार विश्वकर्मा (40 वर्ष), निवासी ओंकारबंद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही गैस सिलेंडर लदी पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। खल्लारी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
