Ambikapur News: 6वीं के छात्र को टीचर ने मारे 13 डंडे, पैरों में खून जमने के निशान

Ambikapur News

Ambikapur News: अंबिकापुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक की बर्बरता का मामला सामने आया है। कक्षा 6वीं के एक छात्र को पढ़ाई के नाम पर टीचर ने 13 डंडे मारे, जिससे बच्चे के पैरों में खून जमने के निशान पड़ गए। घटना के बाद जब छात्र घर पहुंचा तो परिजनों ने उसकी हालत देखकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।

मामला अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर चौक स्थित होली होम एकेडमी का है। पीड़ित छात्र विजय चौधरी का 12 वर्षीय बेटा है, जो इसी स्कूल में कक्षा 6वीं में पढ़ता है। 29 जनवरी को स्कूल में पढ़ाई को लेकर शिक्षक ने छात्र की डंडों से जमकर पिटाई कर दी। बच्चा वापस घर पहुंचा तो उसके पैर पर जगह-जगह डंडे मारने से खून जम गया था। परिजन छात्र को लेकर अस्पताल पहुंचे और उसका इलाज कराया।

शिकायत मिलने पर जांच के आदेश

इस मामले की शिकायत छात्र के पिता विजय चौधरी ने सरगुजा डीईओ से की है। उन्होंने छात्रों के पैरों में पड़े डंडे मारने के निशान के फोटो और मेडिकल रिपोर्ट भी शिकायत के साथ पेश किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने दिनेश झा ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है। टीम में हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल मीना पुरोहित, हायर सेकेंडरी स्कूल सरगवां के प्रिंसिपल संजीव कुमार सिंह और सकालो हाई स्कूल की प्रिंसिपल अनिता दान शामिल हैं। डीईओ ने जांच टीम को तत्काल स्कूल पहुंचकर छात्र और परिजनों से मिलकर जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई- DEO

इस मामले में डीईओ दिनेश झा ने कहा कि, छात्र से मारपीट की शिकायत की गई थी। इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *