Surajpur School Viral Video: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रामानुजनगर ब्लॉक के भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राइमरी स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा शराब के नशे में स्कूल की फर्श पर सोते हुए पाए गए। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 2 फरवरी को हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और अपने चैंबर में फर्श पर लेटकर सोते नजर आए। जब ग्रामीणों ने उनसे सवाल किया तो उन्होंने गैस की समस्या और पेट दर्द का हवाला दिया। इसके बाद वे नशे की हालत में ही बच्चों को पढ़ाते हुए दिखाई दिए, जहां उनके पैर और शब्द दोनों लड़खड़ाते नजर आए।


स्कूल में पहली से पांचवीं तक कुल 23 छात्र अध्ययनरत हैं और तीन शिक्षक पदस्थ हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हेडमास्टर पहले भी कई बार नशे की हालत में स्कूल पहुंच चुके हैं। घटना की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देश पर बीईओ डीएस लकड़ा के नेतृत्व में जांच टीम स्कूल पहुंची।
जांच के दौरान हेडमास्टर न तो ठीक से खड़े हो पाए और न ही कलेक्टर या डीईओ का नाम बता सके। ग्रामीणों ने तत्काल हेडमास्टर को हटाने की मांग की। जांच में शिक्षकों और ग्रामीणों ने शराब पीकर स्कूल आने की पुष्टि की है। हेडमास्टर ने भी स्वीकार किया कि वह कभी-कभी शराब का सेवन करता है।
बीईओ DS लकड़ा ने सभी के बयान दर्ज कर हेडमास्टर को सस्पेंड करने की सिफारिश करते हुए जांच रिपोर्ट सूरजपुर डीईओ को भेज दी है।
