CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बीजापुर और सुकमा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ गई है, जिससे कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में मंगलवार रात से बारिश का दौर जारी है। आज भी दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
इसके अलावा बलरामपुर, कोरिया सहित 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
तेज हवाओं को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं कई अन्य जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ऑरेंज अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। ऐसे मौसम में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
येलो अलर्ट
येलो अलर्ट के तहत हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना रहती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


