CG Politics: PM आवास योजना पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा आमने-सामने, बघेल बोले- 7 लाख आवास स्वीकृत किए; डिप्टी CM ने कहा- आंकड़े सही करें

Vijay Sharma Bhupesh Baghel Debate

CG Politics: छत्तीसगढ़ की सियासत में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के दो बड़े चेहरे आमने-सामने नजर आए। रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित खुली बहस में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए।

दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की थी। इसके बाद प्रेस क्लब में ओपन डिबेट आयोजित की गई, जिसका सीधा प्रसारण किया गया। बहस के दौरान दोनों नेताओं ने अपने-अपने कार्यकाल के आंकड़े पेश किए।

विजय शर्मा ने गिनाए सरकार के आंकड़े

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आमने-सामने चर्चा होने से स्थिति और स्पष्ट होती है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 17 लाख 75 हजार से ज्यादा आवास पूरे हो चुके हैं।

Vijay Sharma Bhupesh Baghel Debate

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने देश में सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री आवास बनाए हैं। विजय शर्मा ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांच साल में करीब 3900 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति हुई थी और लगभग 3 लाख आवास पूरे हुए, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में 16 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

भूपेश बोले- हमने 7 लाख आवास स्वीकृत किए

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 7 लाख आवास स्वीकृत किए गए थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में 3 लाख 48 हजार 960 आवास स्वीकृत हुए थे, जिनमें से 1 लाख 39 हजार आवास पूरे हुए।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक स्थिति खराब थी और इसके बावजूद सरकार ने काम किया। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री आवास योजना का पोर्टल बंद कर दिया गया था और केंद्र सरकार से राशि की मांग की गई थी।

उन्होंने कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में करीब 18 लाख आवास की जरूरत थी, जिनमें से 6 लाख 97 हजार आवास कांग्रेस सरकार ने स्वीकृत किए थे।

विजय शर्मा बोले- गणना सही करनी होगी

भूपेश बघेल के आंकड़ों पर जवाब देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि पहले गणना सही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का पोर्टल बंद नहीं था और कोरोना काल में भी राशि जारी होती रही।

उन्होंने कहा कि मुद्दा पोर्टल का नहीं था, बल्कि तत्कालीन सरकार की सोच का था। विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री के पुराने बयानों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भ्रम फैलाया गया।

भूपेश बघेल बोले- केंद्र ने राशि रोकी

भूपेश बघेल ने कहा कि कोरोना काल में केंद्र सरकार से राशि जारी नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि सही क्या है, यह पत्रकार खुद जांच कर पता लगा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि सितंबर 2023 से दिसंबर 2024 के बीच बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए।

दोनों नेताओं के बीच आंकड़ों और दावों को लेकर तीखी बहस हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच लंबे समय से चल रही राजनीतिक लड़ाई पहली बार खुले मंच पर देखने को मिली।

एक मंच पर होंगे 2 बड़े चेहरे

छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह पहला मौका होगा, जब सरकार में जिम्मेदार पद पर बैठे नेता और पूर्व मुख्यमंत्री किसी एक मुद्दे पर सार्वजनिक मंच पर सीधे आमने-सामने होंगे। इसे प्रदेश की सियासत में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच लंबे समय से राजनीतिक बहस जारी है। भाजपा सरकार योजना के तहत हुए आवास निर्माण को अपनी उपलब्धि बताती रही है, वहीं कांग्रेस योजना के क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को लाभ मिलने को लेकर सवाल उठाती रही है।

CG Politics: PM आवास योजना पर आमना-सामना, आज खुले मंच पर विजय शर्मा और भूपेश बघेल करेंगे बहस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *