CG News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फसल नुकसान झेल रहे किसानों को राहत का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल और संपत्ति को नुकसान हुआ है, उसका सर्वे कराया जाएगा। आकलन पूरा होने के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा
सुकमा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात करेंगे और फसल, मकान समेत अन्य नुकसान का जायजा लेंगे। अधिकारियों को भी वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्वे के बाद मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे करेगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किसानों और अन्य प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
सिंगापुर दौरे पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने प्रस्तावित सिंगापुर दौरे को लेकर कहा कि नई उद्योग नीति लागू होने के बाद राज्य सरकार देश और विदेश में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए इन्वेस्टर मीट आयोजित कर रही है। इसी क्रम में वे 4, 5 और 6 अक्टूबर को सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे, जहां निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
