CG Congress surrounded ED office Raipur: छत्तीसगढ़ की राजनीति में गरमा-गरमी अपने चरम पर है। प्रदेश कांग्रेस आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर स्थित ED कार्यालय का घेराव करेंगे। पार्टी का आरोप है कि ED भाजपा के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जांच में पूरा सहयोग करेगी, लेकिन जबरदस्ती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ED की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए भाजपा की फंडिंग और वित्तीय मामलों की जांच की मांग को जोर-शोर से उठाएगी।
ED की कार्रवाई पर कांग्रेस का सवाल
कांग्रेस का कहना है कि ED निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है, बल्कि सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। बता दें, हाल ही में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू से ED ने 9 घंटे तक पूछताछ की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
दीपक बैज की दो-टूक चेतावनी
दीपक बैज ने साफ कहा कि कांग्रेस जांच से नहीं भाग रही है, लेकिन ED का दुरुपयोग किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “ED भाजपा की तरह व्यवहार कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।”
भाजपा कार्यालय पर भी सवाल
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रायपुर में भाजपा ने ‘एकात्म परिसर’ की जमीन मात्र 1 रुपये में हासिल की थी। अब इस जमीन पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाकर हर महीने 1.5 करोड़ रुपये किराया वसूला जा रहा है। कांग्रेस ने चुनौती दी है कि क्या ED इसकी भी जांच करेगी?
भाजपा की फंडिंग पर उठे सवाल
कांग्रेस ने भाजपा की वित्तीय गतिविधियों की भी जांच की मांग की है। दीपक बैज ने कहा, “अगर ED निष्पक्ष है, तो भाजपा के खर्चों की भी जांच होनी चाहिए। भाजपा का कुशाभाऊ ठाकरे परिसर 150 करोड़ रुपये में बना, इसकी फंडिंग कहां से आई?”
अब चुप नहीं बैठेंगे कांग्रेस
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि ED के खिलाफ यह लड़ाई अभी लंबी चलेगी। पार्टी ने कहा कि अगर भाजपा के खिलाफ जांच नहीं होती, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जारी रखेगी।
