CG 10th Class Board Exam 2025 : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा आयोजित 10वीं बोर्ड परीक्षाएं आज, 3 मार्च 2025 से प्रदेशभर में शुरू हो गई हैं। परीक्षाओं की शुरुआत हिंदी विषय के साथ हुई, जिसमें राज्यभर से 3 लाख 23 हजार 227 नियमित और 7 हजार 330 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। इस बार 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेशभर में कुल 2,523 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
10वीं की परीक्षाएं 3 मार्च से 24 मार्च 2025 तक चलेंगी। परीक्षा का समय सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस साल 12वीं बोर्ड की तुलना में 10वीं में परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, जिससे परीक्षा केंद्रों पर खास तैयारियां की गई हैं।
10वीं बोर्ड के लिए बनाए गए 2523 परीक्षा केंद्र
10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेश में 2523 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 3,28,522 विद्यार्थी शामिल होंगे. इसके लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं. सबसे अधिक 152 परीक्षा केंद्र रायपुर में बनाए गए हैं.
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार परीक्षा के साथ-साथ उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की भी पूरी तैयारी कर ली है, ताकि परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।
इस बीच, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सख्त इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान नकलविहीन वातावरण बनाए रखने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड और निरीक्षक टीम लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं।
परीक्षा सेंटर पर जरूर ले जाएं एडमिट कार्ड
10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एडमिट कार्ड बेहद जरूरी है. बिना प्रवेश पत्र के किसी भी छात्र को परीक्षा सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
छत्तीसगढ़ में 10वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर छात्रों में काफी उत्साह है। कई छात्रों ने परीक्षा को लेकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और उम्मीद है कि इस साल भी राज्य में शानदार परीक्षा परिणाम देखने को मिलेंगे।
