Raipur Cricket Match: रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला T-20 सीरीज, 16 अक्टूबर से शुरू होंगे मुकाबले; आज दोनों टीमों की प्रैक्टिस

Raipur Cricket Match

Raipur Cricket Match: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम रायपुर पहुंच चुकी है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम भी आज पहुंचने वाली है। दोनों टीमें मुकाबलों से पहले अभ्यास करेंगी।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। सभी मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे।

स्मृति मंधाना संभालेंगी टीम की कमान

इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में भारतीय महिला टीम का नेतृत्व करेंगी। शेफाली वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में अनुभवी खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर को भी शामिल किया गया है।

भारतीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि सहित 15 खिलाड़ी शामिल हैं। रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को 6 दिनों में 3 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।

मैचों की तैयारियों के लिए बनाई गई समिति

मैचों के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है।

इस समिति में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।

दर्शकों के लिए ई-टिकट और सुरक्षा व्यवस्था

दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेडियम परिसर में ई-टिकट स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई की व्यवस्था रहेगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे।

स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी।

आपात स्थिति के लिए विशेष इंतजाम

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आसपास के अस्पतालों की व्यवस्था की जाएगी। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और विशेष आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा फायर ब्रिगेड, बिजली व्यवस्था, मोबाइल नेटवर्क और इमरजेंसी रूट को लेकर भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

NGT से मिली मैच आयोजन की अनुमति

इससे पहले 2 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने रायपुर सहित तीन स्टेडियमों में बिना अनुमति खेल गतिविधियों पर रोक लगाई थी। इसके बाद महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुमति मांगी गई थी। सुनवाई के बाद एनजीटी ने तीन अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के लिए रोक में संशोधन करते हुए अनुमति प्रदान की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *