Kiran Singh Deo: सड़क हादसे में घायल होने के बाद करीब 56 दिन तक इलाज कराने के पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बुधवार को दिल्ली से छत्तीसगढ़ लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया।
किरण सिंह देव ने क्या कहा?
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में किरण सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की पावन धरती पर लौटकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य लाभ के दौरान उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता ने उनका मनोबल बढ़ाया। साथ ही विपक्ष और अन्य राजनीतिक दलों से भी उन्हें शुभकामनाएं और सहयोग मिला, जिसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
CM साय ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी किरण सिंह देव की सकुशल वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि भाजपा परिवार के लिए यह खुशी का अवसर है। उन्होंने कामना की कि मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद और प्रदेशवासियों की शुभेच्छाओं से किरण सिंह देव पूर्ण स्वस्थ होकर नई ऊर्जा के साथ जनसेवा के कार्यों में जुटें।


