CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, बस्तर में स्कूल बंद; 60KM की रफ्तार से चलेगी हवाएं

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम के असर से आज (24 सितंबर) भी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

खराब मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है।

40-60 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

मौसम विभाग के अनुसार कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

CG Weather Update

24 और 25 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

CG Weather Update

रायपुर में दर्ज हुई 10.4 मिमी बारिश

23 सितंबर को रायपुर में 10.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।

बस्तर में त्रैमासिक परीक्षा भी टली

बारिश के चलते 24 सितंबर को प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। अब यह परीक्षा त्रैमासिक परीक्षा समाप्त होने के बाद अगले शाला दिवस में आयोजित की जाएगी। स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों और अभिभावकों को इसकी जानकारी देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *