CG Election: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्वाचन प्रक्रिया 11 मई 2026 से शुरू होकर 4 जून 2026 तक चलेगी। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
11 मई से शुरू होगी नामांकन
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 5 पद और पार्षद के 77 पद सहित कुल 82 पदों पर चुनाव होंगे। वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 और पंच के 1136 पदों सहित कुल 1228 रिक्त पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र 11 मई से 18 मई 2026 तक जमा किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 19 मई को होगी, जबकि 21 मई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
1 जून को मतदान, 4 जून को परिणाम
नगरीय निकायों के लिए मतदान 1 जून 2026 को कराया जाएगा और मतगणना के बाद परिणाम 4 जून 2026 को घोषित किए जाएंगे। वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए मतदान और मतगणना 1 जून को ही होगी, जबकि सारणीकरण और परिणामों की घोषणा 4 जून को की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव में कुल 44 हजार 525 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं पंचायत चुनाव में 10 लाख 37 हजार 789 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान के लिए नगरीय निकायों में 115 और पंचायत क्षेत्रों में 937 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
EVM और मतपेटी से होगा चुनाव
नगरीय निकाय चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम के माध्यम से कराए जाएंगे। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव गैर दलीय आधार पर मतपेटी से संपन्न होंगे। नगरीय निकायों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि पंचायत चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। आयोग ने मतदान के दौरान पहचान के लिए 18 प्रकार के पहचान पत्र मान्य किए हैं। मतदाता इनमें से किसी एक पहचान पत्र के आधार पर मतदान कर सकेंगे।
आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 5 व्यय प्रेक्षक और 33 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रशिक्षण प्रक्रिया भी पूरी कर ली है और सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समयसीमा के भीतर निर्वाचन कार्यवाही पूरी करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।




