CG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। अमलीडीह खुर्द के पास चलती कार पर अचानक पेड़ की विशाल डाल गिर गई, जिससे कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि चालक की जान बच गई।
ट्रक की टक्कर से टूटी पेड़ की डाल
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 07 BC 8100 में पटवारी दिव्यांश राजपूत अकेले डोंगरगढ़ से खैरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पुराने टायरों से ओवरलोड ट्रक ने सड़क किनारे खतरनाक तरीके से झुकी पेड़ की डाल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पेड़ की भारी डाल पीछे चल रही कार पर जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डाल इतनी भारी थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह दब गया। यदि कार की पिछली सीट पर कोई बैठा होता तो जान भी जा सकती थी। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरी पेड़ की डाल को हटाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया है। मामले की जांच की जा रही है।

