CG Weather Update: बारिश थमने से बढ़ी गर्मी, बिलासपुर सबसे गर्म, कल से फिर तेज होगा बारिश का दौर

Weather

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे कई जिलों में तापमान बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज (18 सितंबर) भी बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी, लेकिन 19 सितंबर से प्रदेश के कई इलाकों में फिर बारिश तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण आज शाम तक उत्तर अंडमान सागर पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर को उत्तर अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम अगले 3 से 4 दिनों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर पहुंच सकता है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।

CG Weather Update

आज बारिश के आसार

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है, जबकि 19 सितंबर से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने के संकेत हैं।

CG Weather Update

बिलासपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

बारिश कम होने से कई जिलों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *