CG School Video: बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के भरारी स्थित तेलियापुरान शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों से पानी से भरी भारी बाल्टी उठवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
वायरल वीडियो में बच्चे करीब 15 से 20 लीटर पानी से भरी बाल्टी ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाल्टी का वजन अधिक होने के कारण बच्चे उसे उठा नहीं पा रहे थे, जिसके बाद वे उसे जमीन पर घसीटते हुए टॉयलेट की ओर ले जाते नजर आए।
वीडियो में एक व्यक्ति बच्चों से यह पूछते हुए सुनाई दे रहा है कि क्या उनसे रोज इसी तरह पानी की बाल्टी उठवाई जाती है। बच्चों से शिक्षक का नाम पूछने पर वीडियो में ‘लकड़ा’ नाम सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, बच्चों से नियमित रूप से ऐसा काम कराए जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
DEO ने जांच के दिए निर्देश
वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयक को संयुक्त जांच करने के निर्देश दिए हैं।


