Raipur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर राजधानी रायपुर के महादेव घाट में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। खारुन नदी के तट पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना करते हुए महाआरती में भाग लिया।![]()
सवा लाख दीपों की रोशनी से महादेव घाट पूरी तरह जगमगा उठा। श्रद्धालुओं की मौजूदगी में साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती कराई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एक गीत का भी विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक फैसले देखे हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में रामलला मंदिर निर्माण सहित कई बड़े निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए पक्के आवास, शौचालय, जनधन खाते, उज्ज्वला योजना और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।
छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री का विशेष जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से विशेष आत्मीय संबंध रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में माओवादी हिंसा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे बस्तर में शांति और विकास का नया माहौल बना है।
17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महादेव घाट में जलाया गया प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।


