CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में तीज पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही देर में खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।
खेलते-खेलते गहरे गड्ढे में पहुंचा मासूम
घटना रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम झोपरा की है। मृतक की पहचान ढाई वर्षीय रुद्राक्ष नेटी के रूप में हुई है। दोपहर के समय वह घर के आंगन में खेल रहा था, जबकि उसकी मां घर के काम में व्यस्त थी।
खेलते-खेलते रुद्राक्ष घर के पास बने घुरवा (कम्पोस्ट पिट) की ओर चला गया। बरसात के पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही रनचिरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर हादसे की जांच की जा रही है।
परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने घर के पास गहरा गड्ढा खोदा था, लेकिन उसे न तो ढका गया और न ही उसके चारों ओर सुरक्षा के लिए घेराबंदी की गई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार गड्ढे को ढकने या उसके चारों तरफ बाड़ लगाने की बात कही थी, क्योंकि वहां बच्चे खेलते थे। इसके बावजूद कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

