Korba Accident: कोरबा जिले के कुसमुंडा SECL कॉलोनी में शुक्रवार को तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण बड़ा हादसा होते-होते बच गया। नशे में धुत दो फोर व्हीलर चालकों के बीच रेसिंग के दौरान एक बोलेरो अनियंत्रित होकर शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल में जा घुसी। हादसे में मंदिर की दीवार टूट गई, हालांकि चालक की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम कुसमुंडा कॉलोनी में 2 वाहन चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। दोनों एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश में रेसिंग कर रहे थे। इसी दौरान बोलेरो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार का एक हिस्सा टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मंदिर परिसर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेसिंग के दौरान सड़क से गुजर रहे लोग भी हादसे की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद दूसरा वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि बोलेरो चालक नशे की हालत में मौके पर ही पड़ा रहा। बताया जा रहा है कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
घटना की सूचना कुसमुंडा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


