CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा जब्त किया है। तस्करों ने गांजे को कंटेनर के अंदर बनाए गए सीक्रेट चेंबर में छिपाकर रखा था। बरामद गांजे की कीमत 2.23 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। वहीं बस्तर में भी दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 21 लाख रुपए का गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को चिल्फी थाना क्षेत्र में NH-30 पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। चालक ने अपनी पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी बलजीत सिंह के रूप में बताई।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था सीक्रेट चेंबर
तलाशी के दौरान पुलिस को कंटेनर के अंदर ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला। इस चेंबर में खाकी टेप से लिपटे पैकेट छिपाकर रखे गए थे। जांच में इन पैकेटों से कुल 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
2.50 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त
पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपए आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल मिलाकर 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपए का माल जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

