Raigarh News: पति बोला- “बाप के घर से बाइक लाओ तभी अपनाऊंगा”, रायगढ़ में दादी सास और चाची ने प्रेग्नेंट महिला को दवा खिलाकर कराया अबॉर्शन, रिपोर्ट दर्ज

Raigarh News

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दहेज प्रताड़ना और जबरन गर्भपात का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति, दादी सास और चाची सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दहेज में मोटरसाइकिल न लाने पर ससुराल वाले ताने देते, मारपीट करते और प्रेग्नेंट होने पर दवा खिलाकर जबरन अबॉर्शन करा दिया।

पीड़िता की शिकायत पर जोबी चौकी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग

खरसिया ब्लॉक के ग्राम बर्रा की रहने वाली सरोज राठिया ने बताया कि उसकी शादी 12 मार्च 2023 को नवापारा टेंडा निवासी प्रेम कुमार राठिया से हुई थी। शादी सामाजिक रीति-रिवाजों से की गई थी। शादी में मायके पक्ष ने सोने-चांदी के जेवर, पलंग, सोफा सेट, एलईडी टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा, साइकिल और अन्य सामान उपहार स्वरूप दिए थे।

कुछ समय सब ठीक चला, लेकिन बाद में पति प्रेम कुमार, दादी सास कमला बाई और चाची सास सुरेखा राठिया ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी।

“बाप के घर से बाइक लाओ, तभी अपनाऊंगा”

सरोज के अनुसार, उसका पति अक्सर कहता था- अपने बाप के घर से मोटरसाइकिल लेकर आओ, तभी मैं तुम्हें पत्नी मानूंगा। जब वह विरोध करती, तो गाली-गलौज और मारपीट की जाती।

गर्भवती होने पर जबरन खिलाई दवा, हुआ गर्भपात

इसी दौरान दिसंबर 2023 में जब सरोज प्रेग्नेंट हुई, तो पति और सास-ससुर ने मिलकर जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। गर्भपात के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन पति ने न तो डॉक्टर के पास ले गया और न ही इलाज कराया।

पिता ने कराया इलाज, फिर दर्ज कराई शिकायत

बीमारी बढ़ने पर सरोज ने अपने मायके वालों को जानकारी दी। पिता पहुंचे और बेटी को ससुराल से लाकर इलाज कराया। बाद में जब उसने पति से घर ले जाने को कहा, तो उसने साफ इंकार करते हुए कहा कि- “जब तक तुम्हारा बाप बाइक नहीं देगा, तब तक मैं तुम्हें अपने घर नहीं लाऊंगा।”

तीनों आरोपियों पर FIR दर्ज

लगातार प्रताड़ना और उपेक्षा से परेशान सरोज ने जोबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने पति प्रेम कुमार, दादी सास कमला बाई और चाची सास सुरेखा राठिया के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और गर्भपात कराने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *